बूंदी में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कोटा रेंज के आईजी हरेंद्र कुमार ने की, जिसमें बूंदी के पुलिस अधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी रखने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश आईजी ने निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और चुनाव को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मतदान केंद्रों का सुरक्षा आकलन कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। SP शर्मा ने आश्वस्त किया कि बूंदी पुलिस निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आमजन से शांति बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।