पंचायत राज चुनाव को लेकर बूंदी जिले में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नरेश मीणा के समर्थकों ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान करते हुए इस बार पंचायत समिति सदस्य के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में बूंदी में बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने अपने आवेदन जिला प्रभारियों को सौंपे। अब इन आवेदनों के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। सभी वार्डों से सामने आए दावेदार बैठक की अध्यक्षता नरेश मीणा द्वारा नियुक्त जिला प्रभारियों ने की। इसमें बूंदी जिला प्रभारी अबरार मल्हारना, प्रहलाद खटाना और रामसागर नागर शामिल हुए। बैठक में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने के इच्छुक कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अलग-अलग वार्डों से दावेदारों ने चुनाव प्रभारियों को अपने आवेदन सौंपकर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर होगा प्रत्याशियों का चयन चुनाव प्रभारी प्रहलाद खटाना ने बताया कि वे नरेश मीणा के निर्देश पर चुनाव प्रभारी के रूप में बूंदी आए थे। बैठक में सभी आवेदकों के आवेदन प्राप्त कर लिए गए हैं। इन आवेदनों को नरेश मीणा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में दावेदारों की पकड़ और उनकी ग्राउंड रिपोर्ट का आकलन किया जाएगा। खटाना के अनुसार, फील्ड में मजबूत पकड़ और बेहतर ग्राउंड रिपोर्ट वाले दावेदार को ही चुनाव लड़ाने का अवसर दिया जाएगा।