बूंदी के सदर थाना पुलिस ने बोलेरो पिकअप चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुई पिकअप भी बरामद कर ली है। फरियादी लक्ष्मण लाल राठौर ने बताया कि 16 सितंबर को शाम 4.38 बजे उनके ड्राइवर धर्मराज गुर्जर ने बोलेरो पिकअप (RJ08 GA 2407) को देवपुरा में संत निरंकारी भवन के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह गाड़ी गायब मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सबूत और मुखबिर की जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युसुफ खान को देवपुरा में संत निरंकारी भवन के पास से पकड़ा। वह चोरी की पिकअप का हुलिया बदलकर बेचने की कोशिश में था। गिरफ्तार आरोपी युसुफ खान (29 साल) पुत्र शौकत अली, निवासी छावनी, गुमानपुरा, कोटा शहर का है। इस टीम में थानाधिकारी भंवर सिंह, एसआई सत्येंद्र सिंह, कांस्टेबल तेजराज सिंह और कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह थे।