बूंदी में सदर थाना पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक जगह पर तलवार लहराते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी कुणाल सिंह से धारदार तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। 2 अक्टूबर को एसआई जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। चित्तौड़ रोड पर तानसेन राइस मिल के पास एक शख्स हाथ में नंगी तलवार लहराता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसे टीम ने घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कुणाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह (31) निवासी शिव कॉलोनी, उंदालिया की डूंगरी, बूंदी बताया। वह तलवार रखने का कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाया। पुलिस टीम में कांस्टेबल नेतराम, मुकेश और हरिशंकर भी शामिल थे।