बनस्थली क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सरसड़ी रामपुरा में अध्यापक सत्यनारायण प्रजापति के निर्देशन में हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अध्यापक प्रजापति ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी एक समृद्ध और सरल भाषा है। इसने अपनी विविधता और व्यापकता के माध्यम से सम्पूर्ण विश्व को अपने से जोड़ा है। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा में कविता और कहानियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने आपस में हिंदी में संवाद किया। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और लगाव बढ़ाने के उद्देश्य से सुंदर लेख और श्रुतिलेख प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।