उत्तर पश्चिम रेलवे के सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब रेलवे के सिग्नलिंग और ‘कवच’ प्रोजेक्ट में रिश्वत प्रकरण की सीबीआई जांच चल रही है। दरअसल डिप्टी सीएसटीई/प्रोजेक्ट-II विक्रम सिंह शेखावत का तबादला कर उन्हें मुख्यालय में डिप्टी सीएसटीई/सिग्नल लगाया गया है। वहीं अभी तक इस पद पर रहे सुरेश कुमार को शेखावत की जगह डिप्टी सीएसटीई/प्रोजेक्ट-II लगाया गया है। इस फेरबदल में कुल चार अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है। बीकानेर में डिप्टी सीएसटीई/सी के पद पर कार्यरत भगत सिंह चौधरी को मुख्यालय में सीएसटीई/सी लगाया गया है, जबकि उनकी जगह मुख्यालय से हुकम चंद चावला को बीकानेर भेजा गया है। यह बदलाव इसलिए अहम है क्योंकि हाल ही में सामने आए कथित रिश्वत मामले में रेलवे के सिग्नलिंग प्रोजेक्ट, टेंडर और बिल भुगतान की प्रक्रिया जांच के दायरे में आई है। इसमें शेखावत का नाम भी कथित भुगतान नेटवर्क में सामने आया था। हालांकि तबादला आदेश में सीबीआई जांच या किसी आरोप को बदलाव का कारण नहीं बताया गया है। यानी एक तरफ सीबीआई सिग्नलिंग-कवच प्रकरण की परतें खोल रही है, दूसरी तरफ एसएंडटी में कुर्सियां बदलीं जा रही हैं। ऐसे में अब निगाह इस पर है कि जांच और प्रशासनिक फेरबदल आगे किस दिशा में जाते हैं।