शिक्षा थीम ‘मिशन मानस’ के तहत स्टूडेंट्स में नेतृत्व क्षमता, सृजनात्मक गतिविधियों और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गर्वनमेंट हायर सेकंडरी स्कूल चवाड़िया में नवगठित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। समारोह में छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली। स्कूल में छात्र परिषद अध्यक्ष पद के लिए 12 सितंबर को चुनाव हुआ। चुनाव अधिकारी क्लास 12 की स्टूडेंट सिमरन चौधरी और अंतरिम उपाध्यक्ष मुकेश माली ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 11 की स्टूडेंट नीतू, कक्षा 10 के स्टूडेंट दीपक, कक्षा 9 की स्टूडेंट भगवती कंवर राठौर और कक्षा 8 के स्टूडेंट हितेश राणा ने नामांकन दाखिल किया। चुनाव एकल संक्रमणीय मत हस्तांतरण प्रणाली से कराया गया। दूसरे राउंड में हितेश राणा ने 40 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया 6 से 12 सितंबर तक चली। इस दौरान वंदना मीना और मनीषा तंवर के निर्देशन में तैयार सेल्फी पॉइंट स्टूडेंट्स के आकर्षण का केंद्र रहा। चुनाव से संबंधित अभिलेख और प्रपत्र तैयार करने का कार्य इतिहास व्याख्याता खुशबु दगदी ने किया। समारोह में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दुर्गा शंकर त्रिवेदी और आरपी भगवत बावल मौजूद रहे। त्रिवेदी ने स्कूल की छत की मरम्मत में भामाशाहों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि छात्र परिषद जैसी गतिविधियों से स्टूडेंट्स में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। बावल ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक भावना और मूल्यों का विकास होता है। भामाशाह मदन सिंह ने स्कूल को भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने अतिथियों और ग्रामीणों का आभार जताया। कार्यक्रम में केसाराम सीरवी, किशोर चौधरी, पारसराम लोहार, घीसाराम मेघवाल, लीला मीना सहित ग्रामीण और भवन निर्माण समिति के सदस्य मौजूद रहे। स्कूल स्टाफ से सुरेंद्र मीना, अशोक बोराणा, खुशबु दग्दी, राजेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, मोती राणवा, छैलेंद्र सिंह, कमल सिंह, शेर मोहम्मद खान, वंदना मीना, गोपाली मीना, मनीषा तंवर और बीबी पठान उपस्थित रहे। मंच संचालन सिमरन चौधरी, नीतू और भगवती कंवर राठौर ने किया।