बारां के छबड़ा नगरपालिका चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले रहे हैं। इस चुनाव में 7 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। पूर्व पालिकाध्यक्ष सहित कई पूर्व पार्षद भी चुनाव हार गए। छबड़ा नगरपालिका के घोषित परिणामों के अनुसार चार वार्डों में कांग्रेस और तीन वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। चुनाव नियमों के मुताबिक कुल वैध वोटों का 16 प्रतिशत से कम वोट मिलने पर प्रत्याशी की जमानत जब्त हो जाती है। मतगणना के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस के जिन वार्डों में जमानत जब्त हुई है, उनमें वार्ड नंबर 6, वार्ड नंबर 10, वार्ड नंबर 12 और वार्ड नंबर 17 शामिल हैं। वहीं, भाजपा के वार्ड नंबर 27, वार्ड नंबर 30 और वार्ड नंबर 34 में प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। कई वार्डों में जनता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राष्ट्रीय दलों को नकार दिया। मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशियों पर भरोसा जताया। कई वार्डों में तो मुकाबला निर्दलीय बनाम निर्दलीय हो गया, जबकि भाजपा और कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी तीसरे और चौथे स्थान के लिए संघर्ष करते दिखे। इन चुनाव परिणामों से साफ है कि छबड़ा की जनता ने इस बार पार्टी से ज्यादा प्रत्याशी के व्यक्तिगत जनाधार को महत्व दिया है।