बारां के छबड़ा में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नशा विनाश' के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने 14 किलो 550 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह कार्रवाई एएसपी सौरभ तिवाड़ी के सुपरविजन और डीएसपी ताराचंद के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी राजेश खटाना अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान हनुवतखेड़ा फाटक के पास कच्ची सड़क पर रेलवे पटरियों के किनारे एक व्यक्ति कंधे पर कट्टा लेकर जा रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम रूपेन्द्र पुरी निवासी बड़ौद, जिला गुना, मध्यप्रदेश बताया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें गांजा मिला। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।