चित्तौड़गढ़ में मंगलवार शाम सांसद सीपी जोशी की पहल पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 13 अक्टूबर को श्रीनाथ गार्डन में शाम 7 बजे से 'चित्तौड़गढ़ भजन क्लबिंग' का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अब तक 10 हजार से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। खास बात यह है कि कार्यक्रम को सिर्फ भजन संध्या के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक मंच, लाइट, साउंड और लाइव म्यूजिक के साथ तैयार किया गया है, ताकि युवा भक्ति संगीत से नए अंदाज में जुड़ सकें। आयोजन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। भक्ति संगीत के साथ मंच पर दिखेगा आधुनिक अंदाज कार्यक्रम में दिल्ली का प्रसिद्ध साधो बैंड लाइव प्रस्तुति देगा, जो भक्ति संगीत को नए संगीत संयोजन के साथ पेश करता है। इसके अलावा राजस्थान के लोकप्रिय भजन गायक छोटू सिंह रावणा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। फिल्म 'हनुमान अंश' में नीब करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना है। इसी सोच के साथ मंच की पूरी रूपरेखा तैयार की गई है, ताकि युवा भक्ति संगीत को अपनी पसंद के आधुनिक माहौल में महसूस कर सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया था भजन क्लबिंग का जिक्र आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल जनवरी में अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में भजन क्लबिंग का उल्लेख किया था। उन्होंने इसे भक्ति, संस्कृति और आधुनिक सोच का नया संगम बताया था। इसके बाद 25 सितंबर को नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की मौजूदगी के बाद इस तरह के आयोजनों को देशभर में नई पहचान मिली। इसी से प्रेरित होकर चित्तौड़गढ़ में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जिले के युवा भी इस नए अनुभव का हिस्सा बन सकें। चित्तौड़गढ़ से संस्कृति जोड़ने की नई पहल सांसद सीपी जोशी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम को चित्तौड़गढ़ में संस्कृति और युवाओं को जोड़ने की नई कोशिश माना जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी नए माध्यमों से भारतीय परंपराओं को जानना और समझना चाहती है। बड़ी संख्या में हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी इसी बात का संकेत हैं। उनका मानना है कि अगर भक्ति संगीत को युवाओं की पसंद के अनुरूप प्रस्तुत किया जाए तो वह उससे आसानी से जुड़ते हैं। इसी उद्देश्य के साथ चित्तौड़गढ़ में पहली बार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है, जहां भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।