चित्तौड़गढ़ शहर के एक सरकारी ऑफिस के चौकीदार ने एक महिला और उसके साथियों पर प्यार के झांसे में फंसाकर रुपए हड़पने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे बदनाम करने की धमकी देकर पहले करीब 10 लाख रुपए ले लिए और इसके बाद में एक व्यक्ति ने अपने आपको पुलिसकर्मी बताकर 2.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद भी आरोपी 3 लाख रुपए की डिमांड कर रहे है। परेशान होकर पीड़ित ने अपने परिवार को पूरी बात बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कैंटीन में हुई थी पहचान चौकीदार ने कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया- वह ड्यूटी के दौरान ऑफिस के बाहर स्थित कैंटीन पर चाय-पानी के लिए आता-जाता रहता था। करीब 5-6 महीने पहले एक महिला ने उससे बातचीत शुरू की और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद महिला लगातार फोन करने लगी और धीरे-धीरे उससे जान पहचान बढ़ाने लगी। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- महिला उससे बाते करती थी और विश्वास में लेने लगी। वह रात के समय जब कार्यालय में चौकीदारी करता था, तब भी फोन पर बातचीत करती रहती थी। आरोप है कि महिला एक दिन कार्यालय के बाहर बने कमरे में आई और बातचीत के दौरान ऐसी हरकतें कीं, जिससे वह महिला के संपर्क में आ गया। इसके बाद महिला ने उसे अपने झांसे में ले लिया। बीमारी का बहाना बनाकर मांगती रही रुपए पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- महिला अलग-अलग कारण बताकर उससे रुपए मांगने लगी। कभी हॉस्पिटल जाने की बात कहती तो कभी अन्य जरूरत बताकर पैसे मांगती। महिला ने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे समाज और परिवार में बदनाम कर देगी। उसने कहा कि उसके पास फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगी। पीड़ित का कहना है कि नौकरी, परिवार और समाज में बदनामी के डर से उसने किसी को इस बारे में जानकारी नहीं दी। महिला की मांग पूरी करने के लिए वह अलग-अलग लोगों से उधार रुपए लेकर उसे देता रहा।इस तरह करीब 10 लाख रुपए महिला को देने की बात रिपोर्ट में बताई गई है। इन रुपयों का कर्ज भी अभी तक उसके द्वारा चुकाया जा रहा है। पुलिसकर्मी बताकर 2.50 लाख रुपए मांगे पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- करीब एक-दो महीने पहले उसे एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को पुलिस वाला बताया। उसने कहा कि जिस महिला से संपर्क है, उससे जुड़ा मामला खत्म करवाना है तो 2.50 लाख रुपए देने होंगे। व्यक्ति ने धमकी दी कि रुपए देने पर ही मामला खत्म हो पाएगा। पीड़ित ने बताया कि वह पहले ही डर और बदनामी की चिंता में था, इसलिए उसने किसी तरह 2.50 लाख रुपए की व्यवस्था की। फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे कपासन चौराहे पर एक महिला को रुपए देने के लिए कहा। इसके बाद उसने बताए गए स्थान पर जाकर महिला को रुपए दे दिए। पीड़ित का कहना है कि वह उस महिला का नाम नहीं जानता और न ही उसे पहले से पहचानता था। वीडियो वायरल की धमकी देकर 3 लाख रुपए मांगे इसके बाद भी आरोपी लगातार उसे परेशान करते रहे। फोन करने वाला व्यक्ति फिर से रुपए मांगने लगा और कहा कि अगर वह 3 लाख रुपए और दे देगा तो पूरे मामले को खत्म करवा देगा। इस पर पीड़ित ने कहा कि उसके पास अब रुपए नहीं हैं और वह पहले ही कर्ज में डूब चुका है। आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति ने उसे धमकी दी कि अगर रुपए की व्यवस्था नहीं की तो उसके फोटो और वीडियो परिवार व समाज में वायरल कर दिए जाएंगे। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर देवीलाल ने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। परिवार की सलाह के बाद उसने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया पीड़ित ने एसपी को परिवाद दिया था। एसपी कार्यालय से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कोतवाली थाने के उप निरीक्षक पारस कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित मोबाइल नंबरों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।