रक्षाबंधन पर आसपास के गांवों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि शुरुआत में बाजार थोड़ा सुस्त था, लेकिन अब ग्राहकी लगातार बढ़ रही है और इसका असर लगभग हर तरह की दुकानों पर दिखाई दे रहा है। इधर, ट्रैफिक पुलिस भी लगातार व्यवस्थाओं को ठीक और भीड़ को नियंत्रित करती हुई दिखाई दी। ट्रैफिक पुलिस आबिद खान ने बताया कि आज भीड़ बहुत है। कई लोग दूर दूर से आ रहे हैं। इस बार बाजार में सबसे बड़ा बदलाव राखियों की वैरायटी में देखने को मिल रहा है। दुकानों पर पारंपरिक राखियों के साथ फैंसी, स्टोन वर्क, डिजाइनर, कार्टून थीम, घड़ी वाली, पॉपिट, कॉम्बो, सीटी वाली और डोर वाली राखियां बड़ी संख्या में रखी गई हैं। बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग कलेक्शन तैयार किया गया है, जबकि युवतियों और महिलाओं के लिए भी कई नए डिजाइन आए हैं। दुकान संचालक मीना प्रजापत बताती हैं कि शहर के ग्राहक फैंसी और डिजाइनर राखियां ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जबकि गांवों से आने वाले लोग आज भी गुच्छे वाली और गुड़िया वाली राखियां खरीदना पसंद करते हैं। उनकी दुकान पर 1 रुपए से लेकर 500 रुपए तक की राखियां उपलब्ध हैं। एक खरीदारी में पूरा त्योहार राखी के साथ मिठाई, पूजा सामग्री, नारियल, कपड़े, गिफ्ट और बच्चों के लिए छोटे-छोटे उपहार भी खरीदे जा रहे हैं। शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर कई अस्थायी स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां पूजा सामग्री और राखियां बिक रही हैं। सुबह से शाम तक बाजारों में लगातार भीड़ दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या भी अच्छी है, जिससे पूरे बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। मिठाई में मेवा और घेवर पहली पसंद रक्षाबंधन पर मेवे से बनी मिठाइयों और घेवर की मांग सबसे ज्यादा बताई जा रही है। मिठाई कारोबारी कांत सिंह राज के अनुसार, दुकान पर मेवा मिठाइयों के साथ अलग-अलग तरह के घेवर तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि चीनी के दाम बढ़ने से कुछ समय पहले लागत जरूर बढ़ी थी, लेकिन अब भाव थोड़े कम हुए हैं। इसलिए मिठाइयों के दाम में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं की गई है। हालांकि कुछ मिठाइयों के भाव में 30 से 40 रुपए प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। मेवा मिठाइयों की कीमत करीब 900 से 1000 रुपये प्रति किलो से शुरू हो रही है, लेकिन इसके बावजूद ग्राहक गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए खरीदारी कर रहे हैं। नारियल भी महंगा, फिर भी खरीदारी पर असर नहीं रक्षाबंधन की पूजा में नारियल जरूरी माना जाता है और इस बार इसकी कीमत भी लोगों की चर्चा का विषय बनी हुई है। बाजार में एक नारियल 35 से 40 रुपये तक बिक रहा है, जबकि तीन नारियल का सेट करीब 90 रुपए में मिल रहा है। व्यापारियों के अनुसार नारियल मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आता है। इस बार आवक कम रही और त्योहार पर मांग बढ़ने से थोक बाजार में भी दाम ऊपर चले गए। इसका असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है।