चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव में बीजेपी ने 33 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर लिया है। चुनाव परिणाम पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता लेकर आए। लेकिन वार्डवार नतीजों का विश्लेषण करें तो तस्वीर सिर्फ जीत तक सीमित नहीं है। नतीजों ने ये भी साफ कर दिया कि आने वाले समय में भाजपा को कुछ क्षेत्रों में अपनी रणनीति बदलनी होगी। कांग्रेस ने 23 सीटें जीतकर यह साबित किया है कि शहर के कई इलाकों में उसकी पकड़ बनी हुई है। बीजेपी की जीत में सबसे बड़ी भूमिका चंदेरिया क्षेत्र की रही, जहां पार्टी ने कांग्रेस के मजबूत माने जाने वाले इलाके में बड़ा बदलाव किया। वहीं पुराने शहर में बीजेपी की कमजोर स्थिति ने पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी। ऐसे में 2028 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए यह जीत जहां उत्साह देने वाली है, वहीं कुछ क्षेत्रों में संगठन और रणनीति पर दोबारा काम करने का संकेत भी दे रही है। चंदेरिया के नतीजों ने बदल दिया पूरा समीकरण नगर परिषद चुनाव में चंदेरिया क्षेत्र बीजेपी के लिए सबसे बड़ा फायदा साबित हुआ। लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत इलाका माने जाने वाले चंदेरिया में बीजेपी ने 11 वार्डों में से 9 वार्डों में जीत हासिल की। कांग्रेस सिर्फ एक वार्ड में जीत दर्ज कर पाई, जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में गई। यह परिणाम इसलिए भी जरूरी है क्योंकि पिछले चुनाव में इसी क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत पकड़ थी। 2019 के नगर परिषद चुनाव में चंदेरिया के 11 वार्डों में कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी सिर्फ 4 वार्डों तक सीमित रही थी। जबकि 2019 चुनाव के बाद चित्तौड़गढ़ नगर परिषद को उनके सभापति और उप उप सभापति चंदेरिया के ही दो वार्डों से मिले थे। अब 5 साल बाद हुए चुनाव में बीजेपी ने यहां अपनी स्थिति पूरी तरह बदल दी। पार्टी ने स्थानीय समीकरणों को साधते हुए कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाई और बड़ी बढ़त हासिल की। यही कारण रहा कि पूरे नगर परिषद चुनाव में बीजेपी को बहुमत का आंकड़ा पार करने में चंदेरिया क्षेत्र की जीत का सबसे ज्यादा फायदा मिला। चंदेरिया की जीत नहीं होती तो मुकाबला बदल सकता था अगर चुनाव परिणामों को राजनीतिक नजरिए से देखा जाए तो बीजेपी की जीत में चंदेरिया क्षेत्र की भूमिका सबसे अहम रही। पुराने शहर में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को देखते हुए अगर चंदेरिया में बीजेपी को इतनी बड़ी सफलता नहीं मिलती तो चुनाव का परिणाम काफी अलग हो सकता था। बीजेपी कई सीटों के अंतर से आगे निकलने में सफल नहीं हो पाती और मुकाबला ज्यादा कड़ा हो सकता था। चंदेरिया में मिली सफलता ने बीजेपी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन इसके साथ ही पार्टी के सामने यह सवाल भी खड़ा कर दिया कि जिन क्षेत्रों में वह कमजोर रही, वहां स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि बीजेपी की ताकत कुछ क्षेत्रों में बहुत मजबूत है, लेकिन कुछ इलाकों में अभी भी उसे मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ानी होगी। पुराने शहर में बीजेपी के लिए अब भी बड़ी चुनौती चंदेरिया की बड़ी जीत के उलट पुराने शहर के नतीजे बीजेपी के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। सिटी एरिया के 13 वार्डों में बीजेपी इस बार सिर्फ 2 सीटें जीत पाई। वहीं कांग्रेस ने 10 वार्डों में जीत दर्ज कर अपनी पकड़ बरकरार रखी। पुराने शहर में कांग्रेस की यह स्थिति बताती है कि पार्टी का पारंपरिक वोट बैंक अभी भी यहां मजबूत है। 2019 के चुनाव में भी पुराने शहर में बीजेपी का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा था। उस समय पार्टी यहां 4 वार्ड जीत पाई थी। पांच साल बाद भी बीजेपी इस इलाके में बड़ा बदलाव नहीं कर पाई और सीटों की संख्या घटकर 2 रह गई। इससे यह संकेत मिलता है कि बीजेपी को शहर के पुराने हिस्सों में स्थानीय मुद्दों, जनता से संपर्क और संगठन स्तर पर ज्यादा काम करने की जरूरत है। बीजेपी को टिकट वितरण और रणनीति पर करना होगा मंथन नगर परिषद चुनाव में बीजेपी की जीत के बावजूद पार्टी के सामने टिकट वितरण और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन की जरूरत है। चुनाव में कई ऐसे वार्ड रहे, जहां बीजेपी के मजबूत माने जाने वाले चेहरे कांग्रेस के सामने सफल नहीं हो पाए। इससे यह साफ है कि आने वाले चुनावों में सिर्फ संगठन की ताकत नहीं बल्कि उम्मीदवार चयन भी जरूरी भूमिका निभाएगा। बीजेपी को अब उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान देना होगा, जहां लगातार पार्टी कमजोर रही है। वार्ड स्तर पर जनता से जुड़ाव बढ़ाना, स्थानीय समस्याओं को समय पर उठाना और कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रखना जरूरी होगा। नगर परिषद चुनाव ने पार्टी को बहुमत तो दे दिया है, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। 2028 विधानसभा चुनाव से पहले मिले बड़े संकेत नगर परिषद चुनाव के नतीजों को 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी के नजरिए से भी देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव में अब करीब दो साल का समय बचा है। ऐसे में नगर परिषद के परिणाम बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए भविष्य की रणनीति तय करने में मदद करेंगे। 2023 विधानसभा चुनाव में भी चित्तौड़गढ़ शहर क्षेत्र की भूमिका काफी जरूरी रही थी। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को शहर क्षेत्र से मिली बढ़त का फायदा जीत में मिला था। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस का प्रभाव देखने को मिला था। ऐसे में बीजेपी के लिए जरूरी होगा कि वह शहर के उन इलाकों में अपनी स्थिति मजबूत करे, जहां पार्टी को अभी अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। कांग्रेस ने बचाई साख, लेकिन चंदेरिया की हार बड़ा झटका कांग्रेस के लिए नगर परिषद चुनाव पूरी तरह निराशाजनक नहीं रहा। 23 सीटों के साथ कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक मौजूदगी बनाए रखी है। खासतौर पर पुराने शहर में पार्टी ने अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी। अगर कांग्रेस पुराने शहर में भी कमजोर पड़ जाती तो हार का अंतर काफी ज्यादा हो सकता था। हालांकि चंदेरिया क्षेत्र में मिली हार कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। जिस इलाके को कांग्रेस का मजबूत आधार माना जाता था, वहां बीजेपी की बड़ी जीत ने पार्टी को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है। आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को अपने पुराने मजबूत क्षेत्रों को बचाने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में भी पकड़ बनाने की जरूरत होगी। बीजेपी की जीत बड़ी, लेकिन आगे की राह आसान नहीं नगर परिषद चुनाव में बीजेपी ने बहुमत हासिल कर अपनी ताकत जरूर दिखाई है, लेकिन चुनाव परिणाम यह भी बता रहे हैं कि पार्टी के सामने अभी कई चुनौतियां हैं। चंदेरिया क्षेत्र की जीत ने बीजेपी को मजबूती दी है, लेकिन पुराने शहर की कमजोरी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आने वाले समय में बीजेपी के लिए सबसे बड़ा काम यही होगा कि वह अपनी जीत को संगठन की मजबूती में बदले और कमजोर क्षेत्रों में लगातार काम करे। अगर पार्टी पुराने शहर जैसे इलाकों में अपनी स्थिति सुधार लेती है तो 2028 विधानसभा चुनाव में उसे बड़ा फायदा मिल सकता है। लेकिन अगर इन क्षेत्रों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल हो सकती है। नगर परिषद चुनाव ने यह साफ कर दिया है कि बीजेपी ने बढ़त जरूर बना ली है, लेकिन राजनीतिक मुकाबला अभी खत्म नहीं हुआ है। चंदेरिया के वॉर्डों का हाल शहर के वार्डों का हाल