बारावफात और रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहारों से पहले चित्तौड़गढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहारों के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे, लोगों को सुरक्षित माहौल मिले और किसी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि माहौल खराब न कर सके, इसके लिए मंगलवार को शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस का यह मार्च सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए लोगों को यह भरोसा भी दिलाया गया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। शहर के व्यस्त बाजारों से जब पुलिस बल एक साथ गुजरा तो व्यापारियों और आम लोगों में भी सुरक्षा का विश्वास दिखाई दिया। बाजारों और संवेदनशील इलाकों में दिखी पुलिस की मौजूदगी फ्लैग मार्च गोल प्याऊ से शुरू होकर पावटा चौक, सदर बाजार, सुभाष चौक होते हुए फिर गोल प्याऊ पहुंचा। इस दौरान पुलिस लाइन का जाप्ता, कोतवाली थाना पुलिस, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एमबीसी के जवान शामिल रहे। पुलिस ने पूरे रास्ते पैदल मार्च करते हुए प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि त्योहारों के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और दुकानदारों ने भी पुलिस की सक्रिय मौजूदगी को सकारात्मक कदम बताया। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी शहर में लगातार गश्त जारी रहेगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की बराबर नजर रहेगी। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक संदेशों और आपत्तिजनक पोस्ट की लगातार निगरानी की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर या संदेश को बिना जांचे आगे शेयर या फॉरवर्ड नहीं करें। अगर किसी को कोई संदिग्ध पोस्ट या गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने जिलेवासियों को बारावफात और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सभी से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।