चूरू जिले की राजगढ़ तहसील के भाकरा गांव में मंगलवार दोपहर खेत में काम करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 60 वर्षीय सरोज का हाथ अचानक थ्रेसर मशीन में आ गया, जिससे उनके हाथ का पंजा कट गया। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। फसल की कटाई के दौरान हुआ हादसा गांव के प्रेमसिंह ने बताया कि सरोज खेत में फसल की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका हाथ थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उनके एक हाथ का पंजा कट गया और काफी खून बहने लगा। खेत से तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन अधिक रक्तस्राव के कारण सरोज बेहोश होने लगीं। घटना के समय खेत में परिवार के अन्य लोग भी काम कर रहे थे। परिजनों ने तत्काल घायल महिला को एक निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया। डीबी अस्पताल में इलाज जारी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सरोज का उपचार शुरू किया। फिलहाल महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया है और चिकित्सकों की निगरानी में जरूरी जांचें कराई जा रही हैं।