दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष बनने के बाद चूरू के दिव्य राजपाल शुक्रवार को पहली बार अपने गृह नगर पहुंचे। चूरू रेलवे स्टेशन से ही उनके स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। सिंधी पंचायत संस्थान और श्री सिंधी युवक मंडल की ओर से उनका भव्य स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवाओं और शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों व नारों के बीच उनका स्वागत किया। इसके बाद रेलवे स्टेशन से रोड शो निकाला गया, जिसमें जगह-जगह पुष्पवर्षा, आतिशबाजी, साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर दिव्य का अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों और नारों से गूंजा रेलवे स्टेशन दिव्य राजपाल के चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचते ही सिंधी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य लोग और युवा बड़ी संख्या में एकत्र हुए। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच उनका स्वागत किया गया। इसके बाद रोड शो शुरू हुआ। रास्ते में विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। ‘दिव्य ने चूरू का मान बढ़ाया’ कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सिंधी पंचायत संस्थान के अध्यक्ष केवलराम चेनानी ने की। उन्होंने कहा कि दिव्य राजपाल ने देश के प्रतिष्ठित कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष बनकर सिंधी समाज के साथ-साथ चूरू जिले का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। ‘छात्रहित और जनसेवा के लिए रहूंगा समर्पित’ शहीद भगत सिंह कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष दिव्य राजपाल ने स्वागत और सम्मान के लिए समाज के लोगों व शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत चूरू की जनता और साथियों के विश्वास की जीत है। वह छात्रहितों, जनसेवा और समाज के गौरव को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे। दिव्य के साथ दिल्ली से राहुल, प्रयास, शिवम, हिमांशु, हर्षित और अवनीष भी चूरू पहुंचे। परिवार ने मेहनत और सेवाभाव को बताया सफलता का आधार स्वागत समारोह में दिव्य के माता-पिता राकेश राजपाल और गुंजन राजपाल, ताऊ-ताई सुनील राजपाल और निशा राजपाल, दादी मीना राजपाल तथा भावना कस्तूरी ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दिव्य ने मेहनत, सादगी और सेवाभाव से यह मुकाम हासिल किया है। चूरू की धरती पर समाज के बुजुर्गों और युवाओं से मिले स्नेह व आशीर्वाद ने परिवार का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। सिंधी समाज के पदाधिकारी और युवा रहे मौजूद कार्यक्रम में घनश्याम मोरानी, रमेश कलवानी, किशोर कृपलानी, अशोक नंदवानी और नितिन रघवानी सहित सिंधी समाज के कई पदाधिकारी और युवा मौजूद रहे। नागरिक अभिनंदन के दौरान दिव्य राजपाल को बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।