चूरू के मोजासिया चैक के पास सोमवार को बिजली के लोहे के पोल में करंट आने से एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। घोड़ा गाड़ी चला रहा सलीम (38) करंट की चपेट में आने के बाद कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। इस दौरान एक बाइक सवार भी करंट की चपेट में आया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने बिजली निगम के खिलाफ गुस्सा जताते हुए रास्ता जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वार्ड पार्षद भगीरथ सैनी, विनोद सैनी और रमजान खान ने घोड़े के मालिक को मुआवजा देने और करंट वाले पोल को बदलने की मांग की। प्रदर्शन से बाजार का मुख्य रास्ता बंद हो गया, जिससे ट्रैफिक पर असर पड़ा। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। मांगों पर कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद करीब डेढ़ घंटे में रास्ता खोला गया। बिजली निगम के खिलाफ थाने में शिकायत भी दी गई है।