चूरू के सांडवा थाना क्षेत्र के ईंयारा गांव में दिनदहाड़े एक किसान के घर चोरी हो गई। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 17 हजार रुपए नकद ले गए। घटना के समय परिवार खेत में काम करने गया हुआ था। शाम को परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही सांडवा थाना के एएसआई सुमेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार से जानकारी ली और शुक्रवार शाम मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ईंयारा निवासी जगदीश मेघवाल ने बताया कि उनके खेत में लावणी करने जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर खाली पाकर चोरी की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कुछ फुटेज में तीन लोग दिख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इन चोरों ने नागौर के लाडनू थाना क्षेत्र के हीरावती गांव में भी चोरी की थी।