चूरू के तारानगर थाना क्षेत्र में साहवा रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की पहचान नाम तालीम उर्फ मोहम्मद मुमताज के रूप में हुई। शुक्रवार शाम मुमताज अपनी ढाणी से पेट्रोल पंप के पास होटल से सामान लेकर पैदल लौट रहा था। सतार के खेत के पास तारानगर की ओर से आ रही बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। मुमताज के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद असलम और आदिल ने घायल मुमताज को संभाला। वे टक्कर मारने वाले बोलेरो ड्राइवर के साथ उसी गाड़ी से उसे सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मुमताज को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करते ही बोलेरो ड्राइवर गाड़ी अस्पताल में छोड़कर भाग गया। मृतक के पिता नवाब लीलगर ने पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने बोलेरो ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।