श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही घरों में साफ-सफाई अभियान का आगाज हो गया है। आगरा रोड स्थित घाट की गुणी टनल की भी सफाई शुरू हो गई है। यहां से रोजाना करीब 1 लाख वाहन गुजरते हैं। यानी 6 महीने में करीब 1.8 करोड़ वाहन गुजरते हैं। इनके धुएं, टायर-ब्रेक निकलने वाले महीन कण और सड़क की धूल टनल की दीवारों, छत और लाइटों पर जमकर काली परत बना देते हैं। इसका असर रोशनी और दृश्यता पर पड़ता है। सामान्य स्थिति में जहां करीब 150 मीटर तक साफ दिखाई देता है, कार्बन और धूल की परत बढ़ने पर दृश्यता करीब 50 मीटर तक रह जाती है। इसी वजह से हर 6 महीने में टनल की विशेष धुलाई की जाती है। शुक्रवार से शुरू हुई यह सफाई करीब 5 दिन चलेगी। फायर हाइड्रेंट से कर रहे सफाई टनल इंचार्ज आशीष सिंह के अनुसार सफाई के लिए यहां लगे फायर फाइटिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। एक साथ 5 फायर हाइड्रेंट चलाकर पानी की तेज बौछार से दीवारों, छत और अन्य हिस्सों पर जमा कार्बन व धूल हटाई जाती है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखी जाती है और उन्हें धीमी गति से निकाला जाता है।