नगर निकाय चुनाव-2026 की तस्वीर सोमवार को मतगणना के साथ साफ हो गई। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बाड़ी रोड पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना में जिले की सातों नगर निकायों के नतीजे घोषित कर दिए। धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में कांग्रेस ने 27 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई, जबकि भाजपा को 11, बसपा को 3 और निर्दलीयों को 19 सीटें मिलीं। यानी अकेले कांग्रेस बहुमत के आंकड़े 31 से 4 सीट दूर रह गई। ऐसे में निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक हो गई है। जिले की सातों निकायों को मिलाकर कांग्रेस ने सर्वाधिक सीटें जीती हैं। राजाखेड़ा में कांग्रेस 23 सीटों के साथ सबसे मजबूत रही, जबकि मनियां में 13 और सरमथुरा में 15 सीटों पर जीत दर्ज की। बाड़ी में कांग्रेस 21 सीटों के साथ सबसे आगे रही, लेकिन यहां भी निर्दलीयों ने 14 सीटें जीतकर बोर्ड गठन के समीकरण को रोचक बना दिया। बसेड़ी में निर्दलीय 9 सीटों के साथ सबसे आगे रहे। कांग्रेस 15 सीटों के साथ सबसे आगे:- 25 वार्डों वाली सरमथुरा नगर पालिका में कांग्रेस ने 15 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। इनमें एक निर्विरोध सीट भी शामिल है। निर्दलीयों ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को सिर्फ 1 सीट मिली। कांग्रेस की अनुराधा शर्मा ने वार्ड 15 में 200 वोट से जीत दर्ज की। बसेड़ी: निर्दलीयों का पलड़ा भारी:- 25 वार्डों वाली बसेड़ी नगर पालिका में सबसे ज्यादा 9 सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं। कांग्रेस और भाजपा ने 8-8 सीटें जीतीं। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी निर्विरोध चुना गया था। सैंपऊ: कांग्रेस 7, भाजपा 6, बसपा 3 और निर्दलीय 4:- 20 वार्डों वाली सैंपऊ नगर पालिका में कांग्रेस ने 7, भाजपा ने 6, बसपा ने 3 और निर्दलीयों ने 4 सीटें जीतीं। वार्ड 3 में कांग्रेस के हरिओम ने महज 1 वोट से जीत दर्ज की। मनियां: कांग्रेस ने बहुमत के साथ बोर्ड की राह साफ की:- 20 वार्डों वाली मनियां नगर पालिका में कांग्रेस ने 13 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा को 4 और निर्दलीयों को 3 सीटें मिलीं। कांग्रेस की जीतों में वार्ड 11 के ब्रजेश कुमार की 223 वोट और वार्ड 9 की गुंजन बंसल की 226 वोट की जीत उल्लेखनीय रही। वार्ड 8 में कांग्रेस के अजय पाल और भाजपा के इन्द्रजीत को बराबर मत मिलने के बाद लॉटरी से अजय पाल को विजेता घोषित किया गया। बाड़ी: कांग्रेस 21, भाजपा 8 और निर्दलीय 14:- 45 वार्डों वाली बाड़ी नगर पालिका में कांग्रेस 21 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी। भाजपा को 8, बसपा को 2 और निर्दलीयों को 14 सीटें मिलीं। भाजपा की एक सीट निर्विरोध भी शामिल है।सबसे बड़ी जीत भाजपा की कुंजलता शर्मा के नाम रही। राजाखेड़ा: कांग्रेस का स्पष्ट दबदबा:- 35 वार्डों वाली राजाखेड़ा नगर पालिका में कांग्रेस ने 23 सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त बनाई। भाजपा को 9, बसपा को 1 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिलीं। कांग्रेस ने यहां बहुमत के लिए जरूरी 18 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया। धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में कांग्रेस को 27, भाजपा को 11, बसपा को 3 और निर्दलीयों को 19 सीटें मिलीं। कांग्रेस को सबसे बड़ी बढ़त वार्ड 17 में सीमा ने 655 वोट से जीतकर दिलाई। वार्ड 32 में अंकित ने 584, वार्ड 29 में विष्णु माहौर ने 500 और वार्ड 24 में सद्दाम ने 497 वोट से जीत दर्ज की। धौलपुर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी, बहुमत से चार सीट दूर है।