डग में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे विलादत पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और सादगी से मनाया गया। इस अवसर पर नूरानी मस्जिद से बैंड-बाजे के साथ एक जुलूस निकाला गया। जुलूस में बच्चे इस्लामी झंडे लिए हुए थे, जबकि बैंड-बाजे की धुन पर मोहम्मद साहब की शान में कलाम पेश किए जा रहे थे। जुलूस में शामिल लोग सफेद पोशाक में अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे थे। यह जुलूस नूरानी मस्जिद से शुरू होकर होली ठड़ा, गणेश चौक, पुरानी कचहरी, नीम चौक, गंगधार गेट और पुराने बस स्टैंड से गुजरा। इसके बाद यह अंजुमन मदरसा पहुंचा, जहां सलातो-सलाम पेश किया गया। इस दौरान देश में अमन, चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। कार्यक्रम के समापन पर जायरीन और समाजजनों को तबर्रुक (प्रसाद) वितरित किया गया। शहर में जगह-जगह जुलूस का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। मदरसों के बच्चों में भी इस पर्व को लेकर उत्साह देखा गया, जिससे पूरे शहर का माहौल खुशनुमा बना रहा। पर्व के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।