दानपुर थाना क्षेत्र के फेपर गांव में शनिवार सुबह नदी में नहाने गए एक युवक को मिर्गी का दौरा आने के कारण पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंची। नहाते समय आया मिर्गी का दौरा ​दानपुर थाने के एएसआई प्रेमपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि फेपर गांव निवासी मोहन पुत्र केसुराम शनिवार सुबह करीब 9-10 बजे के बीच गांव के पास से गुजर रही नदी में नहाने के लिए गया था। आशंका हैं कि नहाते समय अचानक उसे मिर्गी (मिरगी) का दौरा आ गया, जिससे वह गहरे पानी में जा गिरा। नदी किनारे कपड़े रखे मिले थे ​कुछ देर बाद जब मौके पर मौजूद लोगों ने नदी के पास उसके कपड़े रखे हुए देखे, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की, जिसके कुछ ही देर बाद उसका शव पानी में तैरता हुआ बाहर आया। ​ग्रामीणों की मदद से तत्काल शव को नदी से बाहर निकाला गया और इसकी सूचना दानपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया। ​पुलिस ने बताया कि परिजनों की लिखित रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।