गृह क्लेश से परेशान एक महिला ने दौसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तत्परता से महिला की जान बच गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें महिला ट्रेन के आगे कूदने का प्रयास करती दिखाई दे रही है। 2 घंटे स्टेशन पर बैठी रही, ट्रेन आते ही कूदने का प्रयास किया जानकारी के अनुसार महिला करीब 2 घंटे से रेलवे स्टेशन पर बैठी हुई थी। इसी दौरान ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। जिसे आते देखकर महिला अचानक दौड़कर उसके सामने कूदने का प्रयास करने लगी। तभी ड्यूटी पर तैनात RPF स्टाफ ने दौड़कर महिला को पकड़ लिया। जवानों ने चंद सेकंड पहले ही महिला को पकड़कर ट्रैक से दूर कर दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। RPF ने परिजनों को रेलवे स्टेशन बुलाया घटना के बाद RPF ने महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह गृह क्लेश के चलते सुसाइड करने के इरादे से रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने महिला के बताए अनुसार दौसा कोतवाली थाना क्षेत्र के देशवाली मोहल्ला स्थित उसके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें रेलवे स्टेशन बुलाया। रेलवे स्टेशन पहुंचे परिजनों ने महिला को समझाया। समझाइश के बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। RPF की तत्परता से टला बड़ा हादसा घटना के दौरान अगर आरपीएफ जवानों की ओर से चंद पल की भी देरी होती तो महिला ट्रेन की चपेट में आ सकती थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला ट्रेन के सामने कूदने के लिए दौड़ती है और तभी जवान तेजी से दौड़कर उसे पकड़ लेते हैं। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। तस्वीरों में देखिए महिला को RPF जवान ने महिला को कैसे बचाया…