डीग के इकलेरा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें 60 साल के बिज्जो को गोली लग गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। परिजनों की मांग थी कि जब तक फायरिंग और हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। मामले की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी अखिलेश शर्मा और सीओ सीताराम बैरवा जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बात की और उन्हें समझाया। एसपी ने आश्वासन दिया कि पुलिस का सहयोग करने पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फायरिंग की घटना के पीछे के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।