डीग में 'ऑपरेशन काउण्टडाउन' अभियान के तहत पहाड़ी थाना पुलिस ने 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 4 फर्जी सिमकार्ड, 3 डेबिट कार्ड और 1 बोलेरो गाड़ी जब्त की है। साथ ही साइबर ठगी के 2 लाख 60 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में साइबर अपराध से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। एसपी शरण गोपीनाथ के निर्देश पर जिले में साइबर ठगी रोकने के लिए एक खास अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पहाड़ी थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी और यह कार्रवाई की। पुलिस आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन और सिमकार्ड की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों से जुड़े दूसरे लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस ने अंसार पुत्र आसू (21) निवासी गाधानेर, मोहिन पुत्र असलम (20) निवासी गाधानेर, साहिब पुत्र जुम्मा (20) निवासी धौलेट, मुस्तकीम पुत्र शहीद (22) निवासी गाधानेर, सकील पुत्र इकरार (26) निवासी गाधानेर, मुस्तफा पुत्र शहीद (20) निवासी गाधानेर, हारिस पुत्र इकरार (20) निवासी गाधानेर, कैफ पुत्र हाकम (19) निवासी धीमरी, साहिब पुत्र जाकर (22) निवासी धीमरी, सालिम पुत्र जाकर (22) निवासी धीमरी तथा साजिद पुत्र मुबीन (26) निवासी गाधानेर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी थाना पहाड़ी क्षेत्र के गांवों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।