आगामी नगरपालिका आम चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल देलवाड़ा के विद्यार्थियों ने एक अनूठे तरीके से मतदान का संदेश दिया। छात्रों ने स्कूल के मैदान में मानव श्रृंखला बनाकर 'VOTE' की आकृति बनाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर 'मतदान जरूर करें' जैसे संदेश लिखे थे। इस मानव श्रृंखला के जरिए उन्होंने आमजन से शत-प्रतिशत, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान करने का आह्वान किया। छात्रों ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस मतदाता जागरूकता गतिविधि में विद्यालय के स्टाफ सदस्य और सभी विद्यार्थी उपस्थित थे।