राजसमंद में देवगढ़ थाना पुलिस ने अवैध देशी पिस्टल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही हथियार सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, रीको एरिया की तरफ जाने वाली सर्विस रोड के पास एक गुमटीनुमा खाली मकान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है, जिसके पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध पारसमल गुर्जर(29) निवासी मोखमपुरा, थाना आसींद, जिला भीलवाड़ा की तलाशी ली। आरोपी की जेब से लोहे जैसी धातु की एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस के पूछने पर आरोपी ने पिस्टल रखने के संबंध में कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज नहीं होना बताया। इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 2 सप्लायर भी गिरफ्तार पूछताछ के दौरान पारसमल ने पुलिस को बताया कि उसने यह अवैध पिस्टल राजेश सिंह से खरीदी थी। राजेश सिंह ने पूछताछ में हथियार शेरसिंह से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने राजेश सिंह निवासी कुड़ीबेर पीपली नगर, थाना देवगढ़ और शेरसिंह निवासी रूपपुरा, थाना बदनौर, जिला ब्यावर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। अनुसंधान के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थानाधिकारी मुकेश चौधरी, एएसआई रामचन्द्र, एएसआई रतनाराम, हेड कॉन्स्टेबल सांवरमल, कॉन्स्टेबल सुरेश, मोहित और धर्मेंद्र ओला सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।