भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी पर सोमवार को प्रथम पूज्य भगवान गणेश का जन्मोत्सव मनाया गया। शहर के बगड़ रोड स्थित गणेश मंदिर में दोपहर बाद से ही दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक कतार में खड़ा होकर इंतजार करना पड़ा। दोपहर 12:15 बजे पंडित मुकेश महमिया के आचार्यत्व में विनोद कुमार ने सपत्नीक गणेशजी का पंचामृत से अभिषेक, पूजा व आरती की। छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। ओलिया आश्रम के अमरदास महाराज के सानिध्य में बाबा कल्याणदास आश्रम में गणेश प्रतिमा स्थापना की गई। गणेश मंदिर समिति के सचिव जयराम सतरावला ने बताया कि शाम को मेला व रात में भजनों का कार्यक्रम हुआ। इधर, मोदी रोड पर गाडिया भवन के पीछे सिद्धि विनायक गणपति मंदिर में भी धार्मिक अनुष्ठान हुए। रोजाना सुबह-शाम 8 बजे आरती होगी।