रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेशजी के लक्खी मेले में रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही रणथंभौर मार्ग पर पदयात्रियों और श्रद्धालुओं की कतार नजर आई। गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए गणेशजी के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। मेले के चलते पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। जगह-जगह लगाए गए भंडारों पर भी दिनभर चहल-पहल रही। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर भंडारे लगाए गए हैं। भंडारों में सेवादार श्रद्धालुओं को भोजन और जलपान कराते नजर आए। कहीं सब्जी-पूड़ी तो कहीं कचौरी, पोहा, फल, मिठाइयां, सेव, शरबत, चाय-कॉफी सहित विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री प्रसादी के रूप में वितरित की जा रही है। भंडारा संचालकों और सेवादारों द्वारा श्रद्धालुओं की मान-मनुहार कर उन्हें प्रसादी ग्रहण कराई जा रही है। कई स्थानों पर पदयात्रियों के लिए बैठने और विश्राम की भी व्यवस्था की गई है। जगह-जगह सफाईकर्मी तैनात, कचरा दिखते ही उठाया: मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद की टीम भी सक्रिय दिखाई दी। रणथंभौर मार्ग पर जगह-जगह सफाईकर्मी तैनात रहे। जहां कहीं भी सड़क या आसपास कचरा दिखाई देता, सफाईकर्मी उसे एकत्र कर वाहनों में भरकर ले जाते नजर आए। भंडारों के आसपास अधिक भीड़ और खाद्य सामग्री के वितरण के कारण कचरा फैलने की आशंका रहती है, ऐसे में सफाईकर्मियों की टीम लगातार निगरानी करती रही। प्रशासन की ओर से मेले में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सफाईकर्मियों की सक्रियता के कारण मार्ग पर जगह-जगह जमा होने वाले कचरे को तत्काल हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मुस्तैद: मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते हुए भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखते दिखाई दिए। भंडारों और भीड़ वाले स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी सक्रिय रहे। वहीं ट्रैफिक पुलिस की टीम भी यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रही। मार्ग पर पदयात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता मिल सके, इसके लिए यातायात पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते रहे। भंडारों के सामने वाहनों के अनावश्यक ठहराव को रोकने, यातायात को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया गया। खिलौनों से लेकर खान-पान तक की दुकानें सजी: मेले में श्रद्धालुओं के साथ बाजार भी पूरी तरह सज गया। रणथंभौर मार्ग और मेले के आसपास विभिन्न प्रकार की दुकानें लगी हुई हैं। बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा खान-पान, प्रसाद, पूजा सामग्री, घरेलू सामान और अन्य जरूरत की वस्तुओं की दुकानें भी सजी हुई हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालु जहां गणेशजी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं, वहीं बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए।
गाजे-बाजे के साथ निकली पदयात्राएं: मेले की सबसे खास तस्वीर पदयात्राओं के दौरान देखने को मिली। श्रद्धालुओं के समूह गाजे-बाजे के साथ जयकारे लगाते हुए गणेश धाम की ओर बढ़ते रहे।