धौलपुर में अग्रसेन जयंती पर रविवार शाम शोभायात्रा निकली। इसमें करीब 15 आकर्षक झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। भगवान अग्रसेन के जयकारों से मुख्य मार्ग गूंज उठे। शोभायात्रा महात्मा नंद की बगीची से शुरू हुई, जहां सभापति गिरीश गर्ग ने पूजा कर डोले को रवाना किया। यह टाउन चौकी, पुराना शहर, फूटा दरवाजा, फदी का चौराहा, हरदेव नगर, जगन टॉकीज, डाकखाना चौराहा और लाल बाजार सहित कई रास्तों से गुजरी। जगह-जगह समाज के लोगों और शहरवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। पानी के प्याऊ और भंडारे भी लगे। अग्रवाल समाज के युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और पदाधिकारी बड़ी संख्या में थे। राधेश्याम गर्ग, ऋषि मित्तल और राजीव सिंघल गणमान्य लोग मौजूद थे। शोभायात्रा का समापन अग्रवाल धर्मशाला पर हुआ, जहां समाज की एकजुटता दिखी।