धौलपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गांधी पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें कलेक्टर श्रीनिधी बीटी सहित अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल हुए। कलेक्टर श्रीनिधी बीटी ने गांधीजी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए। रामधुन और भजन भी गाए गए। कलेक्टर ने लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के विचारों को अपनाने का आह्वान किया। गांधी जयंती पर परिवहन विभाग ने गांधी पार्क में 'सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा' अभियान चलाया। अधिकारी गौरव यादव ने युवाओं से हेलमेट-सीट बेल्ट लगाने, तय गति में गाड़ी चलाने और नशे में गाड़ी न चलाने की अपील की। लेखाधिकारी उत्तमचंद गोयल ने सड़क दुर्घटनाएं रोकने में हर नागरिक की भूमिका अहम बताई। युवाओं को खुद नियम मानने और दूसरों को जागरूक करने को कहा। घायलों की मदद करने का संदेश भी दिया गया।