धौलपुर शहर में इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। जुलूस पुराने शहर से शुरू होकर फद्दी खां का चौराहा, हरदेव नगर, जगन तिराहा, सराय गजरा, गडरपुरा, बजरिया और मोदी तिराहा होते हुए वापस पुराने शहर पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह समाज के लोगों द्वारा लंगर लगाए गए। इसमें शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाया। शहर काजी मतीन खां गौरी ने बताया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस का पर्व है। यह अवसर उनके जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं को याद करने का संदेश देता है। इस्लामी पंचांग के अनुसार, मिलाद-उन-नबी रबी-उल-अव्वल महीने की 12वीं तारीख को मनाया जाता है। जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख मार्गों और जुलूस के रास्ते पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए रखी। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकला और कार्यक्रम संपन्न हुआ।