धौलपुर के सामान्य अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। काफी समय तक उनके परिजनों का पता नहीं चला। परिजन नहीं मिलने पर निहालगंज थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। दो दिन बाद भी जब मृतक के परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला, तो वार्ड नंबर 41 के पार्षद अनीश खान और समीर उर्फ आमिर ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी ली। निहालगंज थाना पुलिस की एएसआई अभिलाषा की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोगों की मदद से मृतक के शव को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार पहाड़ वाले कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान हारून खान, हाफिज आबिद, शानू खान, शाहरुख खान, कमल कुशवाहा, निजामुद्दीन पहलवान, अरशद खान, राज बेग, परवेज खान और मोमिन खान सहित कई लोग मौजूद रहे। परिजनों के न मिलने पर समाज के लोगों ने बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।