धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में सोमवार को भारत फाइनेंस के सेल्स मैनेजर को गोली मारकर 1 लाख 35 हजार रुपए लूट लिए गए। तीन बदमाश अपाचे बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गनीमत रही कि कर्मचारी के सिर पर हेलमेट था, जिससे गोली उसे छूकर निकल गई और उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार कर्मचारी 1 लाख 35 हजार रुपए से भरा बैग लेकर जा रहा था। तभी अपाचे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और बैग लूटकर भाग गए। गोली लगने से कर्मचारी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सैंपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल कर्मचारी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और उनके भागने के संभावित रास्तों का पता लगा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।