धौलपुर जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इस बारिश के कारण पार्वती और रामसागर बांध अपनी भराव क्षमता के करीब पहुंच गए हैं। लगातार बारिश और कैचमेंट एरिया से पानी की आवक के चलते बांधों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। जल संसाधन विभाग के अनुसार जिले में अब तक औसतन 650 एमएम बारिश होनी थी, जबकि इस वर्ष अब तक 474.10 एमएम बारिश दर्ज की गई है। कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश के कारण आंगई स्थित पार्वती बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। पार्वती बांध का जलस्तर बढ़कर 222.05 मीटर पहुंच गया है। इस बांध की कुल भराव क्षमता 223.41 मीटर है। जलस्तर 223 मीटर तक पहुंचने के बाद बांध के गेट खोले जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, रामसागर बांध भी छलकने के करीब पहुंच गया है। रामसागर बांध का जलस्तर वर्तमान में 24.90 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर 25.10 मीटर तक पहुंचते ही रपट पर पानी आने लगेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में पानी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। सहायक अभियंता (एईएन) पपेन्द्र मीणा ने बताया कि दोनों बांधों के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें बांधों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश का दौर जारी रहने की स्थिति में दोनों बांधों के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।