धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (SE) विवेक शर्मा ने बुधवार को शहर उपखंड के अभियंताओं और कर्मचारियों की बैठक ली। इस बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण, विद्युत तंत्र के रख-रखाव, राजस्व वसूली, लंबित कार्यों की प्रगति और नए कनेक्शन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। SE शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। उन्होंने विद्युत व्यवधान की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश बैठक में विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों के रख-रखाव, सुरक्षा मानकों का पालन तथा डिस्कॉम के निर्धारित मापदंडों के अनुसार फील्ड में नए कार्य कराने के निर्देश दिए गए। फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने को भी कहा गया। इसके अलावा कस्बे में खुले एलटी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स की पहचान के लिए सर्वे कराने और उनकी वेल्डिंग सहित आवश्यक सुधार कार्य करवाने के निर्देश भी दिए गए। कम राजस्व वसूली पर जताई नाराजगी विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले फीडर इंचार्जों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश सहायक अभियंता (AEn) को दिए गए। धौलपुर शहर उपखंड में कम राजस्व वसूली पर SE विवेक शर्मा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को अगस्त माह में विभागीय लक्ष्यों में सुधार करने की हिदायत देते हुए अपेक्षित सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए डिस्कॉम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और उपभोक्ता हितैषी बनाने पर जोर दिया। इस बैठक में AEn हरिओम शर्मा, JEn सुबोध मीना, JEn अरुण मिश्रा, JEn कैलाश जैन, ARO गणेश झा सहित लगभग 20 बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।