धौलपुर के कंचनपुरा गांव में शुक्रवार को एक खेत में करीब 14 फीट लंबा अजगर निकल आया। इसे देखकर किसान और आसपास काम कर रहे ग्रामीण कुछ देर के लिए सहम गए। कंचनपुरा का एक किसान अपने खेत में काम कर रहा था, तभी उसकी नजर घास में छिपे अजगर पर पड़ी। अजगर को देखकर किसान ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के खेतों से ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां काफी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने सावधानी से अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी वाले इलाके से दूर घने जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में सांप और अजगर जैसे जीव अक्सर अपने ठिकानों से बाहर निकलकर खेतों और रिहायशी इलाकों के पास आ जाते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से ऐसे इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।