धौलपुर के प्रसिद्ध मचकुंड तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के पास आरईसीएल परिसर में एक लेपर्ड घूमता हुआ दिखाई दिया है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने लेपर्ड का वीडियो बनाया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई है। यह घटना रविवार रात की है। बताया जा रहा है कि रात के समय आरईसीएल परिसर में कर्मचारी और मजदूर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी की नजर लेपर्ड पर पड़ी। उसने सुरक्षित दूरी से अपने मोबाइल में लेपर्ड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। लोगों की चिंता बढ़ी मचकुंड धौलपुर का एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। सुबह और शाम के समय भी यहां लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में आबादी और पर्यटन स्थल के आसपास लेपर्ड की मौजूदगी की सूचना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, लेपर्ड की गतिविधियों का पता लगाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही, लोगों से अपील की जा रही है कि वे रात के समय सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाएं और यदि कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो उसके करीब जाने या पीछा करने के बजाय तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।