धौलपुर के मनियां उपखंड क्षेत्र के झाड़े का पुरा गांव में एक निजी क्लिनिक पर इलाज के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने क्लिनिक संचालक पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मनियां सीएचसी की मॉच्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान झाड़े का पुरा निवासी रामवीर सिंह (55) के रूप में हुई है। उनके बेटे कमल सिंह और भाई बनवारीलाल व अशोक ने बताया कि शनिवार को रामवीर सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए जासूपुरा गांव के एक निजी क्लिनिक पर ले गए। परिजनों के मुताबिक यह क्लिनिक लादूखेड़ा निवासी हरीश चला रहा था। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक पर इलाज के दौरान रामवीर को कुछ दवाएं दी गईं। इसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रामवीर को मृत घोषित कर दिया। रामवीर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने निजी क्लिनिक संचालक पर गंभीर लापरवाही और बिना योग्यता के इलाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।