धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम में एक बार फिर किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। कांग्रेस 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि भाजपा को 11 और बसपा को 3 सीटें मिली हैं। 19 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बहुमत के लिए जरूरी 31 सीटों का आंकड़ा कोई भी दल पार नहीं कर सका। ऐसे में अब नगर परिषद में बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका सबसे अहम हो गई है। पॉलिटेक्निक कॉलेज में आठ राउंड तक चली मतगणना 9 सितंबर को 60 वार्डों के लिए मतदान के बाद सोमवार को मतगणना कराई गई। शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना आठ राउंड तक चली। सभी वार्डों के परिणाम सामने आने के बाद तस्वीर साफ हुई कि नगर परिषद की सत्ता के लिए किसी एक दल के पास पर्याप्त संख्या नहीं है। कांग्रेस के सामने बोर्ड बनाने की चुनौती कांग्रेस ने 27 वार्ड जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। हालांकि बहुमत से वह अभी 4 सीट दूर है। ऐसे में कांग्रेस अब बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी। भाजपा 11 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि बसपा को 3 सीटें मिलीं। 19 निर्दलीय तय करेंगे किसका बनेगा बोर्ड चुनाव परिणाम के बाद नगर परिषद की राजनीति में 19 निर्दलीय पार्षद सबसे अहम किरदार बन गए हैं। किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं होने के कारण बोर्ड गठन के लिए निर्दलीयों का समर्थन जरूरी होगा। परिणाम घोषित होते ही राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने और निर्दलीय पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए जोड़-तोड़ शुरू होने की संभावना है। पिछली बार की तरह फिर बने गठजोड़ के हालात पिछली बार की तरह इस बार भी नगर परिषद में स्पष्ट बहुमत नहीं आने से बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में बोर्ड बनाने का दावा पेश करेगी, वहीं भाजपा भी निर्दलीयों के सहारे सत्ता की गणित साधने की कोशिश कर सकती है। अब आने वाले दिनों में किस दल को कितने निर्दलीयों का समर्थन मिलता है, इसी से नगर परिषद की सत्ता की तस्वीर साफ होगी। एक वोट से जीतीं निर्दलीय रेखा धौलपुर नगर परिषद के चुनाव में सबसे करीबी मुकाबला वार्ड नंबर 35 में देखने को मिला। यहां निर्दलीय प्रत्याशी रेखा ने महज एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। यह परिणाम नगर परिषद चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबलों में शामिल रहा।