धौलपुर में नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान पुलिस ने 3 युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक .32 बोर की पिस्टल, 2 मैगजीन और .32 बोर के 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को एएसआई चरणसिंह अपनी टीम के साथ धौलपुर नगर परिषद में चुनाव मतगणना के दौरान गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर उन्होंने पुराना महिला एवं बाल चिकित्सालय के पास कार्रवाई की। पुलिस ने हरिकेश, अनुराग सिंह तोमर और नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस मिले।