धौलपुर पुलिस ने खुली जेल से फरार हुए आजीवन कारावास के एक बंदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। वह 11 सितंबर को जेल से भागा था। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र (35) पुत्र अमर सिंह निवासी बसई नवाब है। सुरेंद्र साल 2013 में रेप और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे खुली जेल में रखा गया था, जहां वह टेंपो चलाकर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी 11 सितंबर को खुली जेल से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रेल चौकी प्रभारी मुकेश शर्मा को सूचना मिली कि आरोपी रेलवे स्टेशन के आसपास है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। उससे फरार होने के कारणों और इस दौरान उसके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।