धौलपुर में गांव फूलपुर की गहरी पोखर से अतिक्रमण हटाने और बाउंड्री बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पोखर पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के मुताबिक, 5 सितंबर को इसी गहरी पोखर में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। तब ग्रामीणों ने पोखर की सुरक्षा बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन भी दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद भी पोखर से अतिक्रमण हटाने और उसकी बाउंड्री बनाने को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्हें भविष्य में फिर किसी हादसे की आशंका है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गहरी पोखर की जमीन का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने और चारों ओर बाउंड्री बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम होने से पोखर में होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा।