धौलपुर पुलिस ने आगामी त्योहारों और निकाय चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च की शुरुआत कोतवाली थाने से हुई। पुलिस टीम ने फद्दी खां का चौराहा, पुराना अस्पताल, पुराना शहर, इटाय पाड़ा, बड़ा पीर, कोटला, पटपरा रोड, गौरव पथ, हरदेव नगर और जगन तिराहा जैसे शहर के विभिन्न प्रमुख और संवेदनशील मार्गों से गुजरते हुए स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने आगामी निकाय चुनावों में लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश भी दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी अफवाह, असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार और चुनाव दोनों ही महत्वपूर्ण अवसर हैं और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।