धौलपुर में पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी की। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई इस कार्रवाई में 1512 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 184 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2 ड्राइवरों को पकड़ा गया। इसके अलावा बिना हेलमेट के 34, बिना सीट बेल्ट के 16, मोबाइल का उपयोग करते हुए 1, बिना नंबर प्लेट के 2 और काली फिल्म लगे 25 वाहनों के चालकों पर भी कार्रवाई हुई। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 104 चालकों के खिलाफ भी चालान किए गए। यह नाकाबंदी जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एडीएफ मुख्यालय बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ और सभी वृत्ताधिकारियों ने थाना स्तर पर कार्रवाई का पर्यवेक्षण किया। पुलिस ने कुल 906 दोपहिया और 606 चारपहिया वाहनों की गहनता से जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों और सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया गया।