धौलपुर के क्रिकेट खिलाड़ी रजत बघेल का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए घोषित वनडे टीम में शामिल किया गया है। रजत के चयन की खबर मिलते ही जिले के क्रिकेट प्रेमियों और शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर रजत ने एक बार फिर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। 18 सितंबर से राजकोट में मुकाबले भारतीय अंडर-19 टीम के मुकाबले 18 सितंबर से राजकोट में शुरू होंगे। इसके बाद टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे श्रृंखला खेलेगी। रजत इससे पहले भी भारतीय अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा कर चुके हैं। अब एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में चयन उनके निरंतर प्रदर्शन और मेहनत का नतीजा माना जा रहा है। धौलपुर क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि रजत बघेल का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन धौलपुर क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जिला क्रिकेट संघ (डीसीए) के सचिव सुमेन्द्र तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। रजत को बेहतर क्रिकेटर बनाने में उनके कोच सुरजीत सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने रजत की प्रतिभा को निखारने और खेल को बेहतर बनाने में लगातार मार्गदर्शन दिया। साथी खिलाड़ियों ने दी बधाई रजत के भारतीय टीम में चयन की जानकारी मिलने के बाद साथी खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी। खिलाड़ियों का कहना है कि रजत का चयन धौलपुर के अन्य युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बनेगा। उनकी सफलता से जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का नया हौसला मिला है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रजत के परिवार, कोच, डीसीए पदाधिकारियों और साथी खिलाड़ियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को उम्मीद है कि रजत ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।