धौलपुर के ओडेला रोड पर कृषि विभाग कार्यालय के सामने एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसे कैंटर ने टक्कर मार दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। आकाश शर्मा (22) पुत्र गिरीश शर्मा गुर्जर कॉलोनी का रहने वाला था। गुरुवार शाम वह रीको क्षेत्र से बाइक पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कृषि विभाग कार्यालय के सामने कैंटर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि आकाश की शादी करीब सात महीने पहले ही हुई थी। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। ओडेला रोड चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।