धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। उसका पति घायल हो गया। यह हादसा गुलाब बाग पुल पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। आगरा जिले के मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली निवासी जूली खटीक अपने पति लालू खटीक के साथ बाइक से लोड़ी माता मंदिर दर्शन करने जा रही थीं। गुलाब बाग पुल पर पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जूली गंभीर रूप से घायल हो गईं और लालू भी चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल लालू को अस्पताल पहुंचाया, जबकि जूली को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।