धौलपुर में शुक्रवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव हुआ। नगर परिषद टाउन हॉल में 48 नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र और किट दिए गए। यह जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रदेश स्तरीय 'सपनों की उड़ान सशक्त युवा संवाद' कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ा था। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत की शक्ति है। सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। धौलपुर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। नियुक्ति पत्र पाने वालों में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राधिक खुमिया, आयुर्वेद नर्स भावना शर्मा, पशु चिकित्सक डॉ. स्वाति गुधैनिया, डॉ. हरिराम मीना, तुषार आर्य, श्रेया परमार और तहसीलदार महेंद्र सिंह मीना शामिल थे। युवाओं ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, जगमोहन बघेल, धीर सिंह जादौन, सुखराम कोली सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।